Showing posts with label सुमित्रानंदन पंत. Show all posts
Showing posts with label सुमित्रानंदन पंत. Show all posts

Tuesday, January 22, 2019

नक्षत्र

[अपनी कॉटेज के प्रति]

मेरे निकुंज, नक्षत्र वास!
इस छाया मर्मर के वन में
तू स्वप्न नीड़ सा निर्जन में
है बना प्राण पिक का विलास!

लहरी पर दीपित ग्रह समान
इस भू उभार पर भासमान,
तू बना मूक चेतनावान
पा मेरे सुख दुख, भाव’च्छ्वास!

आती जग की छवि स्वर्ण प्रात,
स्वप्नों की नभ सी रजत रात,
भरती दश दिशि की चारवात
तुझमें वन वन की सुरभि साँस!

कितनी आशाएँ, मनोल्लास,
संकल्प महत, उच्चाभिलाष,
तुझमें प्रतिक्षण करते निवास,--
है मौन श्रेय साधन प्रयास!

तू मुझे छिपाए रह अजान
निज स्वर्ण मर्म में खग समान,
होगा अग जग का कंठ गान
तेरे इन प्राणों का प्रकाश!
मेरे निकुंज, नक्षत्र वास!
                            -सुमित्रानंदन पंत

स्वप्न और सत्य

आज भी सुंदरता के स्वप्न
हृदय में भरते मधु गुंजार,
वर्ग कवियों ने जिनको गूँथ
रचा भू स्वर्ग, स्वर्ण संसार!

आज भी आदर्शों के सौध
मुग्ध करते जन मन अनजान,
देश देशों के कालि’ दास
गा चुके जिनके गौरव गान!

मुहम्मद, ईशा, मूसा, बुद्ध
केन्द्र संस्कृतियों के, श्री राम,
हृदय में श्रद्धा, संभ्रम, भक्ति
जगाते,--विकसित व्यक्ति ललाम!

धर्म, बहु दर्शन, नीति, चरित्र
सूक्ष्म चिर का गाते इतिहास,
व्यवस्थाएँ, संस्थाएँ, तंत्र
बाँधते मन बन स्वर्णिम पाश!

आज पर, जग जीवन का चक्र
दिशा गति बदल चुका अनिवार,
सिन्धु में जन युग के उद्दाम
उठ रहा नव्य शक्ति का ज्वार!

आज मानव जीवन का सत्य
धर रहा नये रूप आकार,
आज युग का गुण है--जन-रूप,
रूप-जन संस्कृति के आधार!

स्थूल, जन आदर्शों की सृष्टि
कर रही नव संस्कृति निर्माण,
स्थूल--युग का शिव, सुंदर, सत्य,
स्थूल ही सूक्ष्म आज, जन-प्राण!
                         -सुमित्रानंदन पंत

आधुनिका

पशुओं से मृदु चर्म, पक्षियों से ले प्रिय रोमिल पर,
ऋतु कुसुमों से सुरँग सुरुचिमय चित्र वस्त्र ले सुंदर,
सुभग रूज़, लिप स्टिक, ब्रौ स्टिक, पौडर से कर मुख रंजित,
अंगराग, क्यूटेक्स अलक्तक से बन नख शिख शोभित;
’सागर तल से ले मुक्ताफल, खानों से मणि उज्वल’,
रजत स्वर्ण में अंकित तुम फिरती अप्सरि सी चंचल।

शिक्षित तुम संस्कृत, युग के सत्याभासों से पोषित,
समकक्षिणी नरों की तुम, निज द्वन्द्व मूल्य पर गर्वित।
नारी की सौन्दर्य मधुरिमा औ’ महिमा से मंडित,
तुम नारी उर की विभूति से, हृदय सत्य से वंचित!
प्रेम, दया, सहृदयता, शील, क्षमा, पर दुख कातरता,
तुममें तप, संयम, सहिष्णुता नहीं त्याग, तत्परता।

लहरी सी तुम चपल लालसा श्वास वायु से नर्तित,
तितली सी तुम फूल फूल पर मँडराती मधुक्षण हित!
मार्जारी तुम, नहीं प्रेम को करती आत्म समर्पण,
तुम्हें सुहाता रंग प्रणय, धन पद मद, आत्म प्रदर्शन!
तुम सब कुछ हो, फूल, लहर, तितली, विहगी, मार्जारी,
आधुनिके, तुम अगर नहीं कुछ, नहीं सिर्फ़ तुम नारी!
                                         -सुमित्रानंदन पंत  

स्त्री

यदि स्वर्ग कहीं है पृथ्वी पर, तो वह नारी उर के भीतर,
दल पर दल खोल हृदय के अस्तर
जब बिठलाती प्रसन्न होकर
वह अमर प्रणय के शतदल पर!

मादकता जग में कहीं अगर, वह नारी अधरों में सुखकर,
क्षण में प्राणों की पीड़ा हर,
नव जीवन का दे सकती वर
वह अधरों पर धर मदिराधर।

यदि कहीं नरक है इस भू पर, तो वह भी नारी के अन्दर,
वासनावर्त में डाल प्रखर
वह अंध गर्त में चिर दुस्तर
नर को ढकेल सकती सत्वर!
                        -सुमित्रानंदन पंत   

विजय

उत्तरा नामक रचना से 

मैं चिर श्रद्धा लेकर आई 
वह साध बनी प्रिय परिचय में, 
मैं भक्ति हृदय में भर लाई, 
वह प्रीति बनी उर परिणय में। 

जिज्ञासा से था आकुल मन 
वह मिटी, हुई कब तन्मय मैं, 
विश्वास माँगती थी प्रतिक्षण 
आधार पा गई निश्चय मैं ! 

प्राणों की तृष्णा हुई लीन 
स्वप्नों के गोपन संचय में 
संशय भय मोह विषाद हीन 
लज्जा करुणा में निर्भय मैं ! 

लज्जा जाने कब बनी मान, 
अधिकार मिला कब अनुनय में 
पूजन आराधन बने गान 
कैसे, कब? करती विस्मय मैं ! 

उर करुणा के हित था कातर 
सम्मान पा गई अक्षय मैं, 
पापों अभिशापों की थी घर 
वरदान बनी मंगलमय मैं ! 

बाधा-विरोध अनुकूल बने 
अंतर्चेतन अरुणोदय में, 
पथ भूल विहँस मृदु फूल बने 
मैं विजयी प्रिय, तेरी जय में।
                    -सुमित्रानंदन पंत

ग्राम श्री

फैली खेतों में दूर तलक 
मख़मल की कोमल हरियाली,
लिपटीं जिससे रवि की किरणें 
चाँदी की सी उजली जाली !
तिनकों के हरे हरे तन पर
हिल हरित रुधिर है रहा झलक,
श्यामल भू तल पर झुका हुआ
नभ का चिर निर्मल नील फलक।

रोमांचित-सी लगती वसुधा 
आयी जौ गेहूँ में बाली,
अरहर सनई की सोने की 
किंकिणियाँ हैं शोभाशाली।
उड़ती भीनी तैलाक्त गन्ध,
फूली सरसों पीली-पीली,
लो, हरित धरा से झाँक रही 
नीलम की कलि, तीसी नीली।

रँग रँग के फूलों में रिलमिल 
हँस रही संखिया मटर खड़ी।
मख़मली पेटियों सी लटकीं 
छीमियाँ, छिपाए बीज लड़ी।
फिरती हैं रँग रँग की तितली
रंग रंग के फूलों पर सुन्दर,
फूले फिरते हों फूल स्वयं
उड़ उड़ वृंतों से वृंतों पर।

अब रजत-स्वर्ण मंजरियों से 
लद गईं आम्र तरु की डाली।
झर रहे ढाँक, पीपल के दल, 
हो उठी कोकिला मतवाली।
महके कटहल, मुकुलित जामुन, 
जंगल में झरबेरी झूली।
फूले आड़ू, नीबू, दाड़िम, 
आलू, गोभी, बैंगन, मूली।

पीले मीठे अमरूदों में 
अब लाल लाल चित्तियाँ पड़ीं,
पक गये सुनहले मधुर बेर, 
अँवली से तरु की डाल जड़ीं।
लहलह पालक, महमह धनिया, 
लौकी औ' सेम फली, फैलीं,
मख़मली टमाटर हुए लाल, 
मिरचों की बड़ी हरी थैली।

गंजी को मार गया पाला, 
अरहर के फूलों को झुलसा,
हाँका करती दिन भर बन्दर 
अब मालिन की लड़की तुलसा।
बालाएँ गजरा काट-काट, 
कुछ कह गुपचुप हँसतीं किन किन,
चाँदी की सी घंटियाँ तरल 
बजती रहतीं रह रह खिन खिन।

छायातप के हिलकोरों में
चौड़ी हरीतिमा लहराती,
ईखों के खेतों पर सुफ़ेद
काँसों की झंड़ी फहराती।
ऊँची अरहर में लुका-छिपी
खेलतीं युवतियाँ मदमाती,
चुंबन पा प्रेमी युवकों के
श्रम से श्लथ जीवन बहलातीं।

बगिया के छोटे पेड़ों पर 
सुन्दर लगते छोटे छाजन,
सुंदर, गेहूँ की बालों पर 
मोती के दानों-से हिमकन।
प्रात: ओझल हो जाता जग, 
भू पर आता ज्यों उतर गगन,
सुंदर लगते फिर कुहरे से 
उठते-से खेत, बाग़, गृह, वन।

बालू के साँपों से अंकित
गंगा की सतरंगी रेती
सुंदर लगती सरपत छाई
तट पर तरबूज़ों की खेती।
अँगुली की कंघी से बगुले
कलँगी सँवारते हैं कोई,
तिरते जल में सुरख़ाब, पुलिन पर
मगरौठी रहती सोई।

डुबकियाँ लगाते सामुद्रिक,
धोतीं पीली चोंचें धोबिन,
उड़ अबालील, टिटहरी, बया,
चाहा चुगते कर्दम, कृमि, तृन।
नीले नभ में पीलों के दल
आतप में धीरे मँडराते,
रह रह काले, भूरे, सुफ़ेद
पंखों में रँग आते जाते।

लटके तरुओं पर विहग नीड़ 
वनचर लड़कों को हुए ज्ञात,
रेखा-छवि विरल टहनियों की 
ठूँठे तरुओं के नग्न गात।
आँगन में दौड़ रहे पत्ते, 
घूमती भँवर सी शिशिर वात।
बदली छँटने पर लगती प्रिय 
ऋतुमती धरित्री सद्य स्नात।

हँसमुख हरियाली हिम-आतप 
सुख से अलसाए-से सोये,
भीगी अँधियाली में निशि की 
तारक स्वप्नों में-से-खोये,--
मरकत डिब्बे सा खुला ग्राम-- 
जिस पर नीलम नभ आच्छादन,--
निरुपम हिमान्त में स्निग्ध शांत 
निज शोभा से हरता जन मन!
                           - सुमित्रानंदन पंत

अमर स्पर्श

खिल उठा हृदय, 
पा स्पर्श तुम्हारा अमृत अभय! 

खुल गए साधना के बंधन, 
संगीत बना, उर का रोदन, 
अब प्रीति द्रवित प्राणों का पण, 
सीमाएँ अमिट हुईं सब लय। 

क्यों रहे न जीवन में सुख दुख 
क्यों जन्म मृत्यु से चित्त विमुख? 
तुम रहो दृगों के जो सम्मुख 
प्रिय हो मुझको भ्रम भय संशय! 

तन में आएँ शैशव यौवन 
मन में हों विरह मिलन के व्रण, 
युग स्थितियों से प्रेरित जीवन 
उर रहे प्रीति में चिर तन्मय! 

जो नित्य अनित्य जगत का क्रम 
वह रहे, न कुछ बदले, हो कम, 
हो प्रगति ह्रास का भी विभ्रम, 
जग से परिचय, तुमसे परिणय! 

तुम सुंदर से बन अति सुंदर 
आओ अंतर में अंतरतर, 
तुम विजयी जो, प्रिय हो मुझ पर 
वरदान, पराजय हो निश्चय!
                    - सुमित्रानंदन पंत

मानव

सुन्दर हैं विहग, सुमन सुन्दर,
मानव! तुम सबसे सुन्दरतम,
निर्मित सबकी तिल-सुषमा से
तुम निखिल सृष्टि में चिर निरुपम!
यौवन-ज्वाला से वेष्टित तन,
मृदु-त्वच, सौन्दर्य-प्ररोह अंग,
न्योछावर जिन पर निखिल प्रकृति,
छाया-प्रकाश के रूप-रंग!
धावित कृश नील शिराओं में
मदिरा से मादक रुधिर-धार,
आँखें हैं दो लावण्य-लोक,
स्वर में निसर्ग-संगीत-सार!
पृथु उर, उरोज, ज्यों सर, सरोज,
दृढ़ बाहु प्रलम्ब प्रेम-बन्धन,
पीनोरु स्कन्ध जीवन-तरु के,
कर, पद, अंगुलि, नख-शिख शोभन!
यौवन की मांसल, स्वस्थ गंध,
नव युग्मों का जीवनोत्सर्ग!
अह्लाद अखिल, सौन्दर्य अखिल,
आः प्रथम-प्रेम का मधुर स्वर्ग!
आशाभिलाष, उच्चाकांक्षा,
उद्यम अजस्र, विघ्नों पर जय,
विश्वास, असद् सद् का विवेक,
दृढ़ श्रद्धा, सत्य-प्रेम अक्षय!
मानसी भूतियाँ ये अमन्द,
सहृदयता, त्याद, सहानुभूति,--
हो स्तम्भ सभ्यता के पार्थिव,
संस्कृति स्वर्गीय,--स्वभाव-पूर्ति!
मानव का मानव पर प्रत्यय,
परिचय, मानवता का विकास,
विज्ञान-ज्ञान का अन्वेषण,
सब एक, एक सब में प्रकाश!
प्रभु का अनन्त वरदान तुम्हें,
उपभोग करो प्रतिक्षण नव-नव,
क्या कमी तुम्हें है त्रिभुवन में
यदि बने रह सको तुम मानव!
                         -सुमित्रानंदन पंत

अप्सरा

निखिल-कल्पनामयि अयि अप्सरि!
अखिल विस्मयाकार!
अकथ, अलौकिक, अमर, अगोचर,
भावों की आधार!
गूढ़, निरर्थ असम्भव, अस्फुट
भेदों की शृंगार!
मोहिनि, कुहकिनि, छल-विभ्रममयि,
चित्र-विचित्र अपार!

शैशव की तुम परिचित सहचरि,
जग से चिर अनजान
नव-शिशु के संग छिप-छिप रहती
तुम, मा का अनुमान;
डाल अँगूठा शिशु के मुँह में
देती मधु-स्तन-दान,
छिपी थपक से उसे सुलाती,
गा-गा नीरव-गान।

तन्द्रा के छाया-पथ से आ
शिशु-उर में सविलास,
अधरों के अस्फुट मुकुलों में
रँगती स्वप्निल-हास;
दन्त-कथाओं से अबोध-शिशु
सुन विचित्र इतिहास
नव नयनो में नित्य तुम्हारा
रचते रूपाभास।

प्रथम रूप मदिरा से उन्मद
यौवन में उद्दाम
प्रेयसि के प्रत्यंग-अंग में
लिपटी तुम अभिराम;
युवती के उर में रहस्य बन
हरती मन प्रतियाम,
मृदुल पुलक-मुकुलों से लद कर
देह-लता छबि-धाम।

इन्द्रलोक में पुलक नृत्य तुम
करती लघु-पद-भार!
तड़ित-चकित चितवन से चंचल
कर सुर-सभा अपार,
नग्न-देह में नव-रँग सुर-धनु
छाया-पट सुकुमार,
खोंस नील-नभ की वेणी में
इन्दु कुन्द-द्युति स्फार।

स्वर्गंगा में जल-विहार जब
करती, बाहु-मृणाल!
पकड़ पैरते इन्दु-बिम्ब के
शत-शत रजत मराल;
उड़-उड़ नभ में शुभ्र-फेन कण
बन जाते उडु-बाल,
सजल देह-द्युति चल-लहरों में
बिम्बित सरसिज-माल।

रवि-छवि-चुम्बित चल-जलदों पर
तुम नभ में, उस पार,
लगा अंक से तड़ित-भीत शशि—
मृग-शिशु को सुकुमार,
छोड़ गगन में चंचल उडुगण,
चरण-चिन्ह लघु-भार,
नाग-दन्त-नत इन्द्रधनुष-पुल
करती तुम नित पार।

कभी स्वर्ग की थी तुम अप्सरि,
अब वसुधा की बाल,
जग के शैशव के विस्मय से
अपलक-पलक-प्रवाल!
बाल युवतियों की सरसी में
चुगा मनोज्ञ मराल,
सिखलाती मृदु रोम-हास तुम
चितवन-कला अराल।

तुम्हें खोजते छाया-बन में
अब भी कवि विख्यात,
जब जग-जग निशि-प्रहरी जुगुनू
सो जाते चिर-प्रात,
सिहर लहर, मर्मर कर तरुवर,
तपक तड़ित अज्ञात,
अब भी चुपके इंगित देते
गूँज मधुप, कवि-भ्रात।

गौर-श्याम तन, बैठ प्रभा-तम,
भगिनी-भ्रात सजात
बुनते मृदुल मसृण छायांचल
तुम्हें तन्वि! दिनरात;
स्वर्ण-सूत्र में रजत-हिलोरें
कंचु काढ़तीं प्रात,
सुरँग रेशमी पंख तितलियाँ
डुला सिरातीं गात।

तुहिन-बिन्दु में इन्दु-रश्मि सी
सोई तुम चुपचाप,
मुकुल-शयन में स्वप्न देखती
निज-निरुपम छबि आप;
चटुल-लहरियों से चल-चुम्बित
मलय-मृदुल पद-चाप,
जलजों में निद्रित मधुपों से
करती मौनालाप।

नील रेशमी तम का कोमल
खोल लोल कच-भार,
तार-तरल लहरा लहरांचल,
स्वप्न-विचक-तन-हार;
शशि-कर-सी लघु-पद, सरसी में
करती तुम अभिसार,
दुग्ध-फेन शारद-ज्योत्स्ना में
ज्योत्स्ना-सी सुकुमार।

मेंहदी-युत मृदु-करतल-छबि से
कुसुमित सुभग’ सिंगार,
गौर-देह-द्युति हिम-शिखरों पर
बरस रही साभार;
पद-लालिमा उषा, पुलकित-पर,
शशि-स्मित-घन सोभार,
उडु कम्पन मृदु-मृदु उर-स्पन्दन,
चपल-वीचि पद-चार।

शत भावों के विकच-दलों से
मण्डित, एक प्रभात
खिली प्रथम सौन्दर्य-पद्म-सी
तुम जग में नवजात;
मृंगों-से अगणित रवि, शशि, ग्रह,
गूँज उठे अज्ञात,
जगज्जलधि हिल्लोल-विलोड़ित,
गन्ध-अन्ध दिशि-वात।

जगती के अनिमिष पलकों पर
स्वर्णिम-स्वप्न समान,
उदित हुई थी तुम अनन्त
यौवन में चिर-अम्लान;
चंचल-अंचल में फहरा कर
भावी स्वर्ण-विहान,
स्मित आनन में नव-प्रकाश से
दीपित नव दिनमान।

सखि, मानस के स्वर्ग-वास में
चिर-सुख में आसीन,
अपनी ही सुखमा से अनुपम,
इच्छा में स्वाधीन,
प्रति युग में आती हो रंगिणि!
रच-रच रूप नवीन,
तुम सुर-नर-मुनि-इप्सित-अप्सरि!
त्रिभुवन भर में लीन।

अंग अंग अभिनव शोभा का
नव वसन्त सुकुमार,
भृकुटि-भंग नव नव इच्छा के
भृंगों का गुंजार,
शत-शत मधु-आकांक्षाओं से
स्पन्दित पृथु उर-भार,
नव आशा के मृदु मुकुलों से
चुम्बित लघु-पदचार।

निखिल-विश्व ने निज गौरव
महिमा, सुखमा कर दान,
निज अपलक उर के स्वप्नों से
प्रतिमा कर निर्माण,
पल-पल का विस्मय, दिशि-दिशि की
प्रतिभा कर परिधान,
तुम्हें कल्पना औ’ रहस्य में
छिपा दिया अनजान।

जग के सुख-दुख, पाप-ताप,
तृष्णा-ज्वाला से हीन,
जरा-जन्म-भय-मरण-शून्य,
यौवनमयि, नित्य-नवीन;
अतल-विश्व-शोभा-वारिधि में,
मज्जित जीवन-मीन,
तुम अदृश्य, अस्पृश्य अप्सरी,
निज सुख में तल्लीन।
               -सुमित्रानंदन पंत