Showing posts with label माखनलाल चतुर्वेदी. Show all posts
Showing posts with label माखनलाल चतुर्वेदी. Show all posts

Thursday, February 7, 2019

अपनी जुबान खोलो तो

अपनी जुबान खोलो तो
हो कौन ज़रा बोले तो!
रवि की कोमल किरणों में
प्रिय कैसे बस लेते हो?
नव विकसित कलिकाओं में
तुम कैसे हँस लेते हो?
माधव की पिचकारी की
बूँदों में उछल पड़े से,
आँखों में लहलह करते
मोती हो मधुर जड़े से!
हैं शब्द वही, मधुराई
किससे कैसे छीनी है?
छानोगे किस छलिया को
छवि की चादर झीनी है?
बाँसुरिया कहाँ छुपाई
कैसे तुम गा देते हो?
कैसे विन्ध्या की गोदी
वृन्दावन ला देते हो?
क्या राग तुम्हारा जग से
बेराग बनाये देता?
बरसों का मौन मिटाकर
"आहा" कहलाये देता!

जी को, तेरे गीतों में
बरबस गुँथवाये देता,
प्राणों का मोह छुड़ाता
कैसा आमंत्रण देता!
तू अमर धार गायन की,
द्युति की तू मधुर कहानी,
भारत माँ की वीणा की
तेजोमय करुणा-वाणी!
हीतल में पागल करने
जिस समय ज्वार आता है,
उस दिवस तरुण सेना में
बलि का उभार आता है।
जिस दिन कलियों से तुझको
आन्तरिक प्यार आता है।
उस दिन उनके शिर, माँ के
चरणों उतार आता है।
आँखों की नव अरुणाई
पीढ़ी में मंगल बोती,
गुरु शुक्र उदित हो पड़ते
लख तेरी शीतल जोती;
तम में खलबली मचाता
रे गायक! क्या तू कवि है?
दाँवों में तू योद्धा है!
भावों में वीर सुकवि है!
                           -माखनलाल चतुर्वेदी

हरा हरा कर, हरा

हरा हरा कर, हरा-
हरा कर देने वाले सपने।
कैसे कहूँ पराये, कैसे
गरब करूँ कह अपने!

भुला न देवे यह ’पाना’-
अपनेपन का खो जाना,
यह खिलना न भुला देवे
पंखड़ियों का धो जाना;

आँखों में जिस दिन यमुना-
की तरुण बाढ़ लेती हूँ
पुतली के बन्दी की
पलकों नज़र झाड़ लेती हूँ।
                              -माखनलाल चतुर्वेदी

हाँ, याद तुम्हारी आती थी

हाँ, याद तुम्हारी आती थी,
हाँ, याद तुम्हारी भाती थी,
एक तूली थी, जो पुतली पर
तसवीर सी खींचे जाती थी;

कुछ दूख सी जी में उठती थी,
मैं सूख सी जी में उठती थी,
जब तुम न दिखाई देते थे
मनसूबे फीके होते थे;

पर ओ, प्रहर-प्रहर के प्रहरी,
ओ तुम, लहर-लहर के लहरी,
साँसत करते साँस-साँस के
मैंने तुमको नहीं पुकारा!

तुम पत्ती-पत्ती पर लहरे,
तुम कली-कली में चटख पड़े,
तुम फूलों-फूलों पर महके,
तुम फलों-फलों में लटक पड़े,

जी के झुरमुट से झाँक उठे,
मैंने मति का आँचल खींचा,
मुझको ये सब स्वीकार हुए,
आँखें ऊँची, मस्तक नीचा;

पर ओ राह-राह के राही,
छू मत ले तेरी छल-छाँही,
चीख पड़ी मैं यह सच है, पर
मैंने तुमको नहीं पुकारा!

तुम जाने कुछ सोच रहे थे,
उस दिन आँसू पोंछ रहे थे,
अर्पण की हव दरस लालसा
मानो स्वयं दबोच रहे थे,

अनचाही चाहों से लूटी,
मैं इकली, बेलाख, कलूटी
कसकर बाँधी आनें टूटीं,
दिखें, अधूरी तानें टूटीं,

पर जो छंद-छंद के छलिया
ओ तुम, बंद-बंद के बन्दी,
सौ-सौ सौगन्धों के साथी
मैंने तुमको नहीं पुकारा!

तुम धक-धक पर नाच रहे हो,
साँस-साँस को जाँच रहे हो,
कितनी अलः सुबह उठती हूँ,
तुम आँखों पर चू पड़ते हो;

छिपते हो, व्याकुल होती हूँ,
गाते हो, मर-मर जाती हूँ,
तूफानी तसवीर बनें, आँखों
आये, झर-झर जाती हूँ,

पर ओ खेल-खेल के साथी,
बैरन नेह-जेल के साथी,
निज तसवीर मिटा देने में
आँखों की उंडेल के साथी,
स्मृति के जादू भरे पराजय!
मैंने तुमको नहीं पुकारा!

जंजीरें हैं, हथकड़ियाँ हैं,
नेह सुहागिन की लड़ियाँ हैं,
काले जी के काले साजन
काले पानी की घड़ियाँ हैं;

मत मेरे सींखचे बन जाओ,
मत जंजीरों को छुमकाओ,
मेरे प्रणय-क्षणों में साजन,
किसने कहा कि चुप-चुप आओ;

मैंने ही आरती सँजोई,
ले-ले नाम प्रार्थना बोली,
पर तुम भी जाने कैसे हो,
मैंने तुमको नहीं पुकारा!
                        -माखनलाल चतुर्वेदी

बोल राजा, स्वर अटूटे

बोल राजा, स्वर अटूटे 
मौन का अब बाँध टूटे

जी से दूर मान बैठी थी
जी से कैसे दूर? बता दो?
ऐ मेरे बनवासी राजा!
दूरी बनी कुसूर? बता दो?
उठ कि भू पर चाँद टूटे
बोल राजा, स्वर अटूटे 
मौन का अब बाँध टूटे!

उस दिन जिस दिन तुम हँस-
उट्ठे, मैंने पुनर्जन्म को पाया,
फिर मेरे जी में तुम जनमे
मैं फिर नीला-सा हो आया,
अब वियोगिन साँझ टूटे,
बोल राजा, स्वर अटूटे, 
मौन का अब बाँध टूटे!

जीवन के इस बगीचे में
सुमन खिले, फल भी तो झूले,
पर मैंने सब फेंक दिये
वे फले-फूले, वे फले-फूले!
प्राण तू मुझसे न छूटे,
बोल राजा, स्वर अटूटे, 
मौन का अब बाँध टूटे!

मेरे मानस में संकट के-
कुंज शीश ऊँचा कर आये,
तुतलाने का वचन दिये
मेरी गोदी में तुम भर आये,
बोल अपने कर न झूठे,
बोल राजा, स्वर अटूटे 
मौन का अब बाँध टूटे!

जी की माला पर लिख दूँ मैं
कैसे तेरा देश निकाला?
मेरी हर धक-धक खिल उट्ठी
फिर क्यूँ चुनूँ फूल की माला?
सुमन के छाले न फूटे,
बोल राजा, स्वर अटूटे
मौन का अब बाँध टूटे!

जब कि मौन से भी ध्वनि झरती
तब ध्वनि की ध्वनि रोक न राजा
चल कि प्रलय भाँवरिया खेलें!
प्राणों के आँगन में आजा;
आज मैं बन लूँ बधूटी
’बाँध-गाँठ’ कि गाँठ छूटी!
काढ़ जी पर बेल-बूटे
बोल राजा, स्वर अटूटे
मौन का अब बाँध टूटे!
                            -माखनलाल चतुर्वेदी

वे तुम्हारे बोल

वे तुम्हारे बोल!
वह तुम्हारा प्यार, चुम्बन,
वह तुम्हारा स्नेह-सिहरन
वे तुम्हारे बोल!

वे अनमोल मोती
वे रजत-क्षण!
वह तुम्हारे आँसुओं के बिन्दु
वे लोने सरोवर
बिन्दुओं में प्रेम के भगवान का
संगीत भर-भर!
बोलते थे तुम,
अमर रस घोलते थे
तुम हठीले,
पर हॄदय-पट तार
हो पाये कभी मेरे न गीले!
ना, अजी मैंने
सुने तक भी--
नहीं, प्यारे--
तुम्हारे बोल,
बोल से बढ़कर, बजा, मेरे हृदय में
सुख क्षणों का ढोल!
वे तुम्हारे बोल!

किंतु
आज जब,
तुव युगुल-भुज के
हार का
मेरे हिये में--
है नहीं उपहार,
आज भावों से भरा वह--
मौन है, तव मधुर स्वर सुकुमार!
आज मैंने
बीन खोई
बीन-वादक का
अमर स्वर-भार
आज मैं तो
खो चुका
साँसें-उसाँसें;
और अपना लाड़ला
उर ज्वार!

आज जब तुम
हो नहीं, इस-
फूस कुटिया में
कि कसक समेत;
’चेत’ की चेतावनी देने
पधारे हिय-स्वभाव अचेत।
और यह क्या,
वे तुम्हारे बोल!
जिनको वध किया था
पा तुम्हें "सुख साथ!"
कल्पना के रथ चढ़े आये
उठाये तर्जना का हाथ।

आज तुम होते कि
यह वर माँगता हूँ
इस उजड़ती हाट में
घर माँगता हूँ!
लौटकर समझा रहे
जी भा रहे तव बोल,
बोल पर, जी दूखता है
रहे शत शिर डोल,
जब न तुम हो तब
तुम्हारे बोल लौटे प्राण
और समझाने लगे तुम
प्राण हो तुम प्राण!
प्राण बोलो वे तुम्हारे बोल!
कल्पना पर चढ़
उतर जी पर
कसक में घोल
एक बिरिया
एक विरिया
फिर कहो वे बोल!
                   -माखनलाल चतुर्वेदी

तान की मरोर

तू न तान की मरोर
देख, एक साथ चल,
तू न ज्ञान-गर्व-मत्त--
शोर, देख साथ चल।

सूझ की हिलोर की 
हिलोरबाज़ियाँ न खोज,
तू न ध्येय की धरा--
गुंजा, न तू जगा मनोज।

तू न कर घमंड, अग्नि,
जल, पवन, अनंग संग
भूमि आसमान का चढ़े
न अर्थ-हीन रंग।

बात वह नहीं मनुष्य
देवता बना फिरे,
था कि राग-रंगियों--
घिरा, बना-ठना फिरे।

बात वह नहीं कि--
बात का निचोड़ वेद हो,
बात वह नहीं कि-
बात में हज़ार भेद हो।

स्वर्ग की तलाश में 
न भूमि-लोक भूल देख,
खींच रक्त-बिंदुओं--
भरी, हज़ार स्वर्ण-रेख।

बुद्धि यन्त्र है, चला;
न बुद्धि का गुलाम हो।
सूझ अश्व है, चढ़े--
चलो, कभी न शाम हो।

शीश की लहर उठे--
फसल कि, एक शीश दे।
पीढ़ियाँ बरस उठें
हज़ार शीश शीश ले।

भारतीय नीलिमा
जगे कि टूट-टूट बंद
स्वप्न सत्य हों, बहार--
गा उठे अमंद छन्द।
                           -माखनलाल चतुर्वेदी

गंगा की विदाई

शिखर शिखारियों मे मत रोको,
उसको दौड़ लखो मत टोको,
लौटे ? यह न सधेगा रुकना
दौड़, प्रगट होना, फ़िर छुपना,

अगम नगाधिराज, जाने दो, बिटिया अब ससुराल चली |

तुम ऊंचे उठते हो रह रह
यह नीचे को दौड़ जाती,
तुम देवो से बतियाते यह,

भू से मिलने को अकुलाती,
रजत मुकुट तुम मुकुट धारण करते,
इसकी धारा, सब कुछ बहता,
तुम हो मौन विराट, क्षिप्र यह,
इसका बाद रवानी कहता,

तुमसे लिपट, लाज से सिमटी, लज्जा विनत निहाल चली,
अगम नगाधिराज, जाने दो, बिटिया अब ससुराल चली |

डेढ सहस मील मे इसने
प्रिय की मृदु मनुहारें सुन लीँ,
तरल तारिणी तरला ने
सागर की प्रणय पुकारें सुन लीँ,
श्रृद्धा से दो बातें करती,
साहस पे न्यौछावर होती,
धारा धन्य की ललच उठी है,
मैं पंथिनी अपने घर होती,

हरे-हरे अपने आँचल कर, पट पर वैभव डाल चली,
अगम नगाधिराज, जाने दो, बिटिया अब ससुराल चली |

यह हिमगिरि की जटाशंकरी,
यह खेतीहर की महारानी,
यह भक्तों की अभय देवता,
यह तो जन जीवन का पानी !
इसकी लहरों से गर्वित 'भू'
ओढे नई चुनरिया धानी,
देख रही अनगिनत आज यह, 
नौकाओ की आनी-जानी,

इसका तट-धन लिए तरानियाँ, गिरा उठाये पाल चली,
अगम नगाधिराज, जाने दो, बिटिया अब ससुराल चली |

शिर से पद तक ऋषि गण प्यारे,
लिए हुए छविमान हिमालय,
मन्त्र-मन्त्र गुंजित करते हो,
भारत को वरदान हिमालय,
उच्च, सुनो सागर की गुरुता,
कर दो कन्यादान हिमालय |
पाल मार्ग से सब प्रदेश, यह तो अपने बंगाल चली,
अगम नगाधिराज, जाने दो, बिटिया अब ससुराल चली |
                                                                -माखनलाल चतुर्वेदी

प्यारे भारत देश

प्यारे भारत देश
गगन-गगन तेरा यश फहरा
पवन-पवन तेरा बल गहरा
क्षिति-जल-नभ पर डाल हिंडोले
चरण-चरण संचरण सुनहरा

ओ ऋषियों के त्वेष
प्यारे भारत देश।।

वेदों से बलिदानों तक जो होड़ लगी
प्रथम प्रभात किरण से हिम में जोत जागी
उतर पड़ी गंगा खेतों खलिहानों तक
मानो आँसू आये बलि-महमानों तक

सुख कर जग के क्लेश
प्यारे भारत देश।।

तेरे पर्वत शिखर कि नभ को भू के मौन इशारे
तेरे वन जग उठे पवन से हरित इरादे प्यारे!
राम-कृष्ण के लीलालय में उठे बुद्ध की वाणी
काबा से कैलाश तलक उमड़ी कविता कल्याणी
बातें करे दिनेश
प्यारे भारत देश।।

जपी-तपी, संन्यासी, कर्षक कृष्ण रंग में डूबे
हम सब एक, अनेक रूप में, क्या उभरे क्या ऊबे
सजग एशिया की सीमा में रहता केद नहीं
काले गोरे रंग-बिरंगे हममें भेद नहीं

श्रम के भाग्य निवेश
प्यारे भारत देश।।

वह बज उठी बासुँरी यमुना तट से धीरे-धीरे
उठ आई यह भरत-मेदिनी, शीतल मन्द समीरे
बोल रहा इतिहास, देश सोये रहस्य है खोल रहा
जय प्रयत्न, जिन पर आन्दोलित-जग हँस-हँस जय बोल रहा,

जय-जय अमित अशेष
प्यारे भारत देश।।
                  -माखनलाल चतुर्वेदी

उठ महान

उठ महान ! तूने अपना स्वर
यों क्यों बेंच दिया?
प्रज्ञा दिग्वसना, कि प्राण् का
पट क्यों खेंच दिया?

वे गाये, अनगाये स्वर सब
वे आये, बन आये वर सब
जीत-जीत कर, हार गये से
प्रलय बुद्धिबल के वे घर सब!

तुम बोले, युग बोला अहरह
गंगा थकी नहीं प्रिय बह-बह
इस घुमाव पर, उस बनाव पर
कैसे क्षण थक गये, असह-सह!

पानी बरसा
बाग ऊग आये अनमोले
रंग-रँगी पंखुड़ियों ने
अन्तर तर खोले;

पर बरसा पानी ही था
वह रक्त न निकला!
सिर दे पाता, क्या
कोई अनुरक्त न निकला?

प्रज्ञा दिग्वसना? कि प्राण का पट क्यों खेंच दिया!
उठ महान् तूने अपना स्वर यों क्यों बेंच दिया!
                                                        -माखनलाल चतुर्वेदी