Showing posts with label Ramdhari Singh(Dinkar). Show all posts
Showing posts with label Ramdhari Singh(Dinkar). Show all posts

Thursday, January 24, 2019

रोटी और स्वाधीनता

(1) आजादी तो मिल गई, मगर, यह गौरव कहाँ जुगाएगा ? मरभुखे ! इसे घबराहट में तू बेच न तो खा जाएगा ? आजादी रोटी नहीं, मगर, दोनों में कोई वैर नहीं, पर कहीं भूख बेताब हुई तो आजादी की खैर नहीं। (2) हो रहे खड़े आजादी को हर ओर दगा देनेवाले, पशुओं को रोटी दिखा उन्हें फिर साथ लगा लेनेवाले। इनके जादू का जोर भला कब तक बुभुक्षु सह सकता है ? है कौन, पेट की ज्वाला में पड़कर मनुष्य रह सकता है ? (3) झेलेगा यह बलिदान ? भूख की घनी चोट सह पाएगा ? आ पड़ी विपद तो क्या प्रताप-सा घास चबा रह पाएगा ? है बड़ी बात आजादी का पाना ही नहीं, जुगाना भी, बलि एक बार ही नहीं, उसे पड़ता फिर-फिर दुहराना भी। -रामधारी सिंह (दिनकर)

मित्र

शत्रु से मैं खुद निबटना जानता हूँ, मित्र से पर, देव! तुम रक्षा करो। (२) वातायन के पास खड़ा यह वृक्ष मनोहर कहता है, यदि मित्र तुम्हें छोड़ने लगे हैं, तो विपत्ति क्या? इससे तुम न तनिक घबराना। कवि को कौन असंग बना सकता है भू पर? लो, मैं अपना हाथ बढ़ाता हूँ खिड़की से, मैत्री में तुम भी अब अपना हाथ बढ़ाओ। -रामधारी सिंह (दिनकर)

आग और बर्फ

कुछ कहते हैं, विश्व एक दिन जल जाएगा, कुछ कहते हैं, विश्व एक दिन गल जाएगा। मुझे दीखता, दोनों ही सच हो सकते हैं। तृष्णा वह्नि है, जगती उसमें जल सकती है। घृणा बर्फ है, दुनिया उसमें गल सकती है। -रामधारी सिंह (दिनकर)

मन्दिर

जहाँ मनुज का मन रहस्य में खो जाये, जहाँ लीन अपने भीतर नर हो जाये, भूल जाय जन जहाँ स्वकीय इयत्ता को, जहाँ पहुँच नर छुए अगोचर सत्ता को। धर्मालय है वही स्थान, वह हो चाहे सुनसान में, या मन्दिर-मस्जिद में अथवा जूते की दूकान में। -रामधारी सिंह (दिनकर)

राजनीति

(१) सावधान रखते स्वदेश को और बढ़ाते मान भी, राजदूत हैं आँख देश की और राज्य के कान भी। (२) तुम्हें बताऊँ यह कि कूटनीतिज्ञ कौन है? वह जो रखता याद जन्मदिन तो रानी का, लेकिन, उसकी वयस भूल जाता है। (३) लगा राजनीतिज्ञ रहा अगले चुनाव पर घात, राजपुरुष सोचते किन्तु, अगली पीढ़ी की बात। (४) हो जाता नरता का तब इतिहास बड़ा, बड़े लोग जब पर्वत से टकराते हैं। नर को देंगे मान भला वे क्या, जो जन एक दूसरे को नाहक धकियाते हैं? (५) ’हाँ’ बोले तो ’शायद’ समझो, स्यात कहे तो ’ना’ जानो। और कहे यदि ’ना’ तो उसको कूटनीतिविद मत मानो। (६) मंत्रियों के गुड़ अनोखे जानते हो? वे न तो गाते, बजाते, नाचते हैं, और खबरों के सिवा कुछ भी नहीं पढ़ते। हर घड़ी चिन्ता उन्हें इस बात की रहती कि कैसे और लोगों से जरा ऊँचे दिखें हम। इसलिये ही, बात मुर्दों की तरह करते सदा वे और ये धनवान रिक्शों पर नहीं चढ़ते। (७) शक्ति और सिद्धान्त राजनीतिज्ञ जनों में खूब चमकते हैं जब तक अधिकार न मिलता। मंत्री बनने पर दोनों ही दब जाते हैं। (८) शासन के यंत्रों पर रक्खो आँख कड़ी, छिपे अगर हों दोष, उन्हें खोलते चलो। प्रजातंत्र का क्षीर प्रजा की वाणी है जो कुछ हो बोलना, अभय बोलते चलो। (९) मंत्री के शासन की यह महिमा विचित्र है, जब तक इस पर रहो, नहीं दिखलाई देगी शासन की हीनता, न भ्रष्टाचार किसी का। किन्तु, उतरते ही उससे सहसा हो जाता सारा शासन-चक्र भयानक पुँज पाप का, और शासकों का दल चोर नजर आता है। (१०) जब तक मंत्री रहे, मौन थे, किन्तु, पदच्युत होते ही जोरों से टूटने लगे हैं भाई भ्रष्टाचारों पर। (११) मंत्री के पावन पद की यह शान, नहीं दीखता दोष कहीं शासन में। भूतपूर्व मंत्री की यह पहचान, कहता है, सरकार बहुत पापी है। (१२) किसे सुनाते हो, शासन में पग-पग पर है पाप छिपा? किया न क्यों प्रतिकार अघों का जब तुम सिंहासन पर थे? (१३) छीन ली मंत्रीगीरी तो घूँस को भी रोक दो। अब ’करप्शन’ किसलिए मैं ही न जब मालिक रहा? (१४) जब तक है अधिकार, ढील मत दो पापों को, सुनते हो मंत्रियों! नहीं तो लोग हँसेंगे, कल को मंत्री के पद से हट जाने पर जब भ्रष्टाचरणों के विरुद्ध तुम चिल्लाओगे। (१५) प्रजातंत्र का वह जन असली मीत सदा टोकता रहता जो शासन को। जनसत्ता का वह गाली संगीत जो विरोधियों के मुख से झरती है। -रामधारी सिंह (दिनकर)

विवाह

शादी वह नाटक अथवा वह उपन्यास है, जिसका नायक मर जाता है पहले ही अध्याय में। (२) शादी जादू का वह भवन निराला है, जिसके भीतर रहने वाले निकल भागना चाहते, और खड़े हैं जो बाहर वे घुसने को बेचैन हैं। (३) ब्याह के कानून सारे मानते हो? या कि आँखें मूँद केवल प्रेम करते हो? स्वाद को नूतन बताना जानते हो? पूछता हूँ, क्या कभी लड़ते-झगड़ते हो? -रामधारी सिंह (दिनकर)

कलम या कि तलवार

दो में से क्या तुम्हे चाहिए कलम या कि तलवार मन में ऊँचे भाव कि तन में शक्ति विजय अपार अंध कक्ष में बैठ रचोगे ऊँचे मीठे गान या तलवार पकड़ जीतोगे बाहर का मैदान कलम देश की बड़ी शक्ति है भाव जगाने वाली, दिल की नहीं दिमागों में भी आग लगाने वाली पैदा करती कलम विचारों के जलते अंगारे, और प्रज्वलित प्राण देश क्या कभी मरेगा मारे एक भेद है और वहां निर्भय होते नर -नारी, कलम उगलती आग, जहाँ अक्षर बनते चिंगारी जहाँ मनुष्यों के भीतर हरदम जलते हैं शोले, बादल में बिजली होती, होते दिमाग में गोले जहाँ पालते लोग लहू में हालाहल की धार, क्या चिंता यदि वहाँ हाथ में नहीं हुई तलवार -रामधारी सिंह (दिनकर)

शक्ति और क्षमा

क्षमा, दया, तप, त्याग, मनोबल सबका लिया सहारा पर नर व्याघ्र सुयोधन तुमसे कहो, कहाँ, कब हारा? क्षमाशील हो रिपु-समक्ष तुम हुये विनत जितना ही दुष्ट कौरवों ने तुमको कायर समझा उतना ही। अत्याचार सहन करने का कुफल यही होता है पौरुष का आतंक मनुज कोमल होकर खोता है। क्षमा शोभती उस भुजंग को जिसके पास गरल हो उसको क्या जो दंतहीन विषरहित, विनीत, सरल हो। तीन दिवस तक पंथ मांगते रघुपति सिन्धु किनारे, बैठे पढ़ते रहे छन्द अनुनय के प्यारे-प्यारे। उत्तर में जब एक नाद भी उठा नहीं सागर से उठी अधीर धधक पौरुष की आग राम के शर से। सिन्धु देह धर त्राहि-त्राहि करता आ गिरा शरण में चरण पूज दासता ग्रहण की बँधा मूढ़ बन्धन में। सच पूछो, तो शर में ही बसती है दीप्ति विनय की सन्धि-वचन संपूज्य उसी का जिसमें शक्ति विजय की। सहनशीलता, क्षमा, दया को तभी पूजता जग है बल का दर्प चमकता उसके पीछे जब जगमग है। -रामधारी सिंह (दिनकर)

लेन-देन

लेन-देन का हिसाब लंबा और पुराना है। जिनका कर्ज हमने खाया था, उनका बाकी हम चुकाने आये हैं। और जिन्होंने हमारा कर्ज खाया था, उनसे हम अपना हक पाने आये हैं। लेन-देन का व्यापार अभी लंबा चलेगा। जीवन अभी कई बार पैदा होगा और कई बार जलेगा। और लेन-देन का सारा व्यापार जब चुक जायेगा, ईश्वर हमसे खुद कहेगा - तुम्हारा एक पावना मुझ पर भी है, आओ, उसे ग्रहण करो। अपना रूप छोड़ो, मेरा स्वरूप वरण करो। -रामधारी सिंह (दिनकर)

गीत-अगीत

गीत, अगीत, कौन सुंदर है? गाकर गीत विरह की तटिनी वेगवती बहती जाती है, दिल हलका कर लेने को उपलों से कुछ कहती जाती है। तट पर एक गुलाब सोचता, "देते स्‍वर यदि मुझे विधाता, अपने पतझर के सपनों का मैं भी जग को गीत सुनाता।" गा-गाकर बह रही निर्झरी, पाटल मूक खड़ा तट पर है। गीत, अगीत, कौन सुंदर है? बैठा शुक उस घनी डाल पर जो खोंते पर छाया देती। पंख फुला नीचे खोंते में शुकी बैठ अंडे है सेती। गाता शुक जब किरण वसंती छूती अंग पर्ण से छनकर। किंतु, शुकी के गीत उमड़कर रह जाते स्‍नेह में सनकर। गूँज रहा शुक का स्‍वर वन में, फूला मग्‍न शुकी का पर है। गीत, अगीत, कौन सुंदर है? दो प्रेमी हैं यहाँ, एक जब बड़े साँझ आल्‍हा गाता है, पहला स्‍वर उसकी राधा को घर से यहाँ खींच लाता है। चोरी-चोरी खड़ी नीम की छाया में छिपकर सुनती है, 'हुई न क्‍यों मैं कड़ी गीत की बिधना', यों मन में गुनती है। वह गाता, पर किसी वेग से -रामधारी सिंह (दिनकर) फूल रहा इसका अंतर है। गीत, अगीत, कौन सुन्‍दर है?

Wednesday, January 23, 2019

एक पत्र

मैं चरणॊं से लिपट रहा था, सिर से मुझे लगाया क्यों? पूजा का साहित्य पुजारी पर इस भाँति चढ़ाया क्यों? गंधहीन बन-कुसुम-स्तुति में अलि का आज गान कैसा? मन्दिर-पथ पर बिछी धूलि की पूजा का विधान कैसा? कहूँ, या कि रो दूँ कहते, मैं कैसे समय बिताता हूँ; बाँध रही मस्ती को अपना बंधन दुदृढ़ बनाता हूँ। ऎसी आग मिली उमंग की ख़ुद ही चिता जलाता हूँ किसी तरह छींटों से उभरा ज्वाला मुखी दबाता हूँ। द्वार कंठ का बन्द, गूँजता हृदय प्रलय-हुँकारों से, पड़ा भाग्य का भार काटता हूँ कदली तलवारों से। विस्मय है, निर्बन्ध कीर को यह बन्धन कैसे भाया? चारा था चुगना तोते को, भाग्य यहाँ तक ले आया। औ' बंधन भी मिला लौह का, सोने की कड़ियाँ न मिलीं; बन्दी-गृह में अन बहलाता, ऎसी भी घड़ियाँ न मिलीं। आँखों को है शौक़ प्रलय का, कैसे उसे बुलाऊँ मैं? घेर रहे सन्तरी, बताओ अब कैसे चिल्लाऊँ मैं? फिर-फिर कसता हूँ कड़ियाँ, फिर-फिर होती कसमस जारी; फिर-फिर राख डालता हूँ, फिर-फिर हँसती है चिनगारी। टूट नहीं सकता ज्वाला से, जलतों का अनुराग सखे! पिला-पिला कर ख़ून हृदय का पाल रहा हूँ आग सखे! -रामधारी सिंह (दिनकर)

वीर

सच है, विपत्ति जब आती है, 
कायर को ही दहलाती है, 
सूरमा नहीं विचलित होते,
क्षण एक नहीं धीरज खोते,
विघ्नों को गले लगाते हैं,
काँटों में राह बनाते हैं। 

मुहँ से न कभी उफ़ कहते हैं,
संकट का चरण न गहते हैं,
जो आ पड़ता सब सहते हैं,
उद्योग-निरत नित रहते हैं,
शुलों का मूळ नसाते हैं,
बढ़ खुद विपत्ति पर छाते हैं।

है कौन विघ्न ऐसा जग में,
टिक सके आदमी के मग में?
ख़म ठोंक ठेलता है जब नर
पर्वत के जाते पाव उखड़,
मानव जब जोर लगाता है,
पत्थर पानी बन जाता है।

गुन बड़े एक से एक प्रखर,
हैं छिपे मानवों के भितर,
मेंहदी में जैसी लाली हो,
वर्तिका-बीच उजियाली हो,
बत्ती जो नहीं जलाता है,
रोशनी नहीं वह पाता है।
                    -रामधारी सिंह (दिनकर)

कुंजी

घेरे था मुझे तुम्हारी साँसों का पवन,
जब मैं बालक अबोध अनजान था।
यह पवन तुम्हारी साँस का
सौरभ लाता था।
उसके कंधों पर चढ़ा
मैं जाने कहाँ-कहाँ
आकाश में घूम आता था।
सृष्टि शायद तब भी रहस्य थी।
मगर कोई परी मेरे साथ में थी;
मुझे मालूम तो न था,
मगर ताले की कूंजी मेरे हाथ में थी।
जवान हो कर मैं आदमी न रहा,
खेत की घास हो गया।
तुम्हारा पवन आज भी आता है
और घास के साथ अठखेलियाँ करता है,
उसके कानों में चुपके चुपके
कोई संदेश भरता है।
घास उड़ना चाहती है
और अकुलाती है,
मगर उसकी जड़ें धरती में
बेतरह गड़ी हुईं हैं।
इसलिए हवा के साथ
वह उड़ नहीं पाती है।
शक्ति जो चेतन थी,
अब जड़ हो गयी है।
बचपन में जो कुंजी मेरे पास थी,
उम्र बढ़ते बढ़ते
वह कहीं खो गयी है।
                  -रामधारी सिंह (दिनकर)

परिचय

सलिल कण हूँ, या पारावार हूँ मैं
स्वयं छाया, स्वयं आधार हूँ मैं
बँधा हूँ, स्वप्न हूँ, लघु वृत हूँ मैं
नहीं तो व्योम का विस्तार हूँ मैं

समाना चाहता, जो बीन उर में
विकल उस शून्य की झंकार हूँ मैं
भटकता खोजता हूँ, ज्योति तम में
सुना है ज्योति का आगार हूँ मैं

जिसे निशि खोजती तारे जलाकर
उसी का कर रहा अभिसार हूँ मैं
जनम कर मर चुका सौ बार लेकिन
अगम का पा सका क्या पार हूँ मैं

कली की पंखुडीं पर ओस-कण में
रंगीले स्वप्न का संसार हूँ मैं
मुझे क्या आज ही या कल झरुँ मैं
सुमन हूँ, एक लघु उपहार हूँ मैं

मधुर जीवन हुआ कुछ प्राण! जब से
लगा ढोने व्यथा का भार हूँ मैं
रुंदन अनमोल धन कवि का, 
इसी से पिरोता आँसुओं का हार हूँ मैं

मुझे क्या गर्व हो अपनी विभा का
चिता का धूलिकण हूँ, क्षार हूँ मैं
पता मेरा तुझे मिट्टी कहेगी
समा जिसमें चुका सौ बार हूँ मैं

न देंखे विश्व, पर मुझको घृणा से
मनुज हूँ, सृष्टि का श्रृंगार हूँ मैं
पुजारिन, धुलि से मुझको उठा ले
तुम्हारे देवता का हार हूँ मैं

सुनुँ क्या सिंधु, मैं गर्जन तुम्हारा
स्वयं युग-धर्म की हुँकार हूँ मैं
कठिन निर्घोष हूँ भीषण अशनि का
प्रलय-गांडीव की टंकार हूँ मैं

दबी सी आग हूँ भीषण क्षुधा का
दलित का मौन हाहाकार हूँ मैं
सजग संसार, तू निज को सम्हाले
प्रलय का क्षुब्ध पारावार हूँ मैं

बंधा तूफान हूँ, चलना मना है
बँधी उद्याम निर्झर-धार हूँ मैं
कहूँ क्या कौन हूँ, क्या आग मेरी
बँधी है लेखनी, लाचार हूँ मैं।।
                    -रामधारी सिंह (दिनकर)

कविता की पुकार

कविता की पुकार

आज न उडु के नील-कुंज में स्वप्न खोजने जाऊँगी,
आज चमेली में न चंद्र-किरणों से चित्र बनाऊँगी।
अधरों में मुस्कान, न लाली बन कपोल में छाउँगी,
कवि ! किस्मत पर भी न तुम्हारी आँसू बहाऊँगी ।
नालन्दा-वैशाली में तुम रुला चुके सौ बार,
धूसर भुवन-स्वर्ग _ग्रामों_में कर पाई न विहार।
आज यह राज-वाटिका छोड़, चलो कवि ! वनफूलों की ओर।
चलो, जहाँ निर्जन कानन में वन्य कुसुम मुसकाते हैं,
मलयानिल भूलता, भूलकर जिधर नहीं अलि जाते हैं।
कितने दीप बुझे झाड़ी-झुरमुट में ज्योति पसार ?
चले शून्य में सुरभि छोड़कर कितने कुसुम-कुमार ?
कब्र पर मैं कवि ! रोऊँगी, जुगनू-आरती सँजाऊँगी ।


विद्युत छोड़ दीप साजूँगी, महल छोड़ तृण-कुटी-प्रवेश,
तुम गाँवों के बनो भिखारी, मैं भिखारिणी का लूँ वेश।


स्वर्णा चला अहा ! खेतों में उतरी संध्या श्याम परी,
रोमन्थन करती गायें आ रहीं रौंदती घास हरी।
घर-घर से उठ रहा धुआँ, जलते चूल्हे बारी-बारी,
चौपालों में कृषक बैठ गाते "कहँ अटके बनवारी?"
पनघट से आ रही पीतवासना युवती सुकुमार,
किसी भाँति ढोती गागर-यौवन का दुर्वह भार।
बनूँगी मैं कवि ! इसकी माँग, कलश, काजल, सिन्दूर, सुहाग।


वन-तुलसी की गन्ध लिए हलकी पुरवैया आती है,
मन्दिर की घंटा-ध्वनि युग-युग का सन्देश सुनाती है।
टिमटिम दीपक के प्रकाश में पढ़ते निज पोथी शिशुगण,
परदेशी की प्रिया बैठ गाती यह विरह-गीत उन्मन,
"भैया ! लिख दे एक कलम खत मों बालम के जोग,
चारों कोने खेम-कुसल माँझे ठाँ मोर वियोग ।"
दूतिका मैं बन जाऊँगी, सखी ! सुधि उन्हें सुनाऊँगी।


पहन शुक्र का कर्णफूल है दिशा अभी भी मतवाली,
रहते रात रमणियाँ आईं ले-ले फूलों की डाली।
स्वर्ग-स्त्रोत, करुणा की धारा, भारत-माँ का पुण्य तरल,
भक्ति-अश्रुधारा-सी निर्मल गंगा बहती है अविरल।
लहर-लहर पर लहराते हैं मधुर प्रभाती-गान,
भुवन स्वर्ग बन रहा, उड़े जाते ऊपर को प्राण,
पुजारिन की बन कंठ-हिलोर, भिगो दूँगी अब-जग के छोर।


कवि ! असाढ़ की इस रिमझिम में धनखेतों में जाने दो,
कृषक-सुंदरी के स्वर में अटपटे गीत कुछ गाने दो ।
दुखियों के केवल उत्सव में इस दम पर्व मनाने दो,
रोऊँगी खलिहानों में, खेतों में तो हर्षाने दो ।


मैं बच्चों के संग जरा खेलूँगी दूब-बिछौने पर ,
मचलूँगी मैं जरा इन्द्रधनु के रंगीन खिलौने पर ।
तितली के पीछे दौड़ूंगी, नाचूँगी दे-दे ताली,
मैं मकई की सुरभी बनूँगी, पके आम-फल की लाली ।


वेणु-कुंज में जुगनू बन मैं इधर-उधर मुसकाऊँगी ,
हरसिंगार की कलियाँ बनकर वधुओं पर झड़ जाऊँगी।


सूखी रोटी खायेगा जब कृषक खेत में धर कर हल,
तब दूँगी मैं तृप्ति उसे बनकर लोटे का गंगाजल ।
उसके तन का दिव्य स्वेदकण बनकर गिरती जाऊँगी,
और खेत में उन्हीं कणों-से मैं मोती उपजाऊँगी ।


शस्य-श्यामता निरख करेगा कृषक अधिक जब अभिलाषा,
तब मैं उसके हृदय-स्त्रोत में उमड़ूंगी बनकर आशा ।
अर्धनग्न दम्पति के गृह में मैं झोंका बन आऊँगी,
लज्जित हो न अतिथि-सम्मुख वे, दीपक तुरंत बुझाऊँगी।


ऋण-शोधन के लिए दूध-घी बेच-बेच धन जोड़ेंगे,
बूँद-बूँद बेचेंगे, अपने लिए नहीं कुछ छोड़ेंगे ।
शिशु मचलेंगे दूध देख, जननी उनको बहलायेंगी,
मैं फाडूंगी हृदय, लाज से आँख नहीं रो पायेगी ।
इतने पर भी धन-पतियों की उनपर होगी मार, 
तब मैं बरसूँगी बन बेबस के आँसू सुकुमार ।
फटेगा भू का हृदय कठोर । चलो कवि ! वनफूलों की ओर ।
                                                 -रामधारी सिंह (दिनकर)

याचना

याचना

प्रियतम! कहूँ मैं और क्या?
शतदल, मृदुल जीवन-कुसुम में प्रिय! सुरभि बनकर बसो।
घन-तुल्य हृदयाकाश पर मृदु मन्द गति विचरो सदा।
प्रियतम! कहूँ मैं और क्या?


दृग बन्द हों तब तुम सुनहले स्वप्न बन आया करो,
अमितांशु! निद्रित प्राण में प्रसरित करो अपनी प्रभा।
प्रियतम! कहूँ मैं और क्या?

उडु-खचित नीलाकाश में ज्यों हँस रहा राकेश है,
दुखपूर्ण जीवन-बीच त्यों जाग्रत करो अव्यय विभा।
प्रियतम! कहूँ मैं और क्या?

निर्वाण-निधि दुर्गम बड़ा, नौका लिए रहना खड़ा,
कर पार सीमा विश्व की जिस दिन कहूँ ‘वन्दे, विदा।’
प्रियतम! कहूँ मैं और क्या?
                    -रामधारी सिंह (दिनकर)     

चांद एक दिन

हठ कर बैठा चांद एक दिन, माता से यह बोला
सिलवा दो माँ मुझे ऊन का मोटा एक झिंगोला
सन-सन चलती हवा रात भर जाड़े से मरता हूँ
ठिठुर-ठिठुर कर किसी तरह यात्रा पूरी करता हूँ।

आसमान का सफर और यह मौसम है जाड़े का
न हो अगर तो ला दो कुर्ता ही को भाड़े का
बच्चे की सुन बात, कहा माता ने 'अरे सलोने`
कुशल करे भगवान, लगे मत तुझको जादू टोने।

जाड़े की तो बात ठीक है, पर मैं तो डरती हूँ
एक नाप में कभी नहीं तुझको देखा करती हूँ
कभी एक अंगुल भर चौड़ा, कभी एक फुट मोटा
बड़ा किसी दिन हो जाता है, और किसी दिन छोटा।

घटता-बढ़ता रोज, किसी दिन ऐसा भी करता है
नहीं किसी की भी आँखों को दिखलाई पड़ता है
अब तू ही ये बता, नाप तेरी किस रोज लिवायें
सी दे एक झिंगोला जो हर रोज बदन में आये!
                                    -रामधारी सिंह (दिनकर)

जब आग लगे...

सीखो नित नूतन ज्ञान,नई परिभाषाएं,
जब आग लगे,गहरी समाधि में रम जाओ;
या सिर के बल हो खडे परिक्रमा में घूमो।
ढब और कौन हैं चतुर बुद्धि-बाजीगर के?

गांधी को उल्‍टा घिसो और जो धूल झरे,
उसके प्रलेप से अपनी कुण्‍ठा के मुख पर,
ऐसी नक्‍काशी गढो कि जो देखे, बोले,
आखिर , बापू भी और बात क्‍या कहते थे?

डगमगा रहे हों पांव लोग जब हंसते हों,
मत चिढो,ध्‍यान मत दो इन छोटी बातों पर
कल्‍पना जगदगुरु की हो जिसके सिर पर,
वह भला कहां तक ठोस कदम धर सकता है?

औ; गिर भी जो तुम गये किसी गहराई में,
तब भी तो इतनी बात शेष रह जाएगी
यह पतन नहीं, है एक देश पाताल गया,
प्‍यासी धरती के लिए अमृतघट लाने को।
                               - रामधारी सिंह (दिनकर)  

बालिका से वधू

माथे में सेंदूर पर छोटी
दो बिंदी चमचम-सी, 
पपनी पर आँसू की बूँदें 
मोती-सी, शबनम-सी। 
लदी हुई कलियों में मादक
टहनी एक नरम-सी,
यौवन की विनती-सी भोली,
गुमसुम खड़ी शरम-सी।
पीला चीर, कोर में जिसके 
चकमक गोटा-जाली, 
चली पिया के गांव उमर के 
सोलह फूलों वाली। 
पी चुपके आनंद, उदासी
भरे सजल चितवन में,
आँसू में भींगी माया
चुपचाप खड़ी आंगन में।
आँखों में दे आँख हेरती 
हैं उसको जब सखियाँ, 
मुस्की आ जाती मुख पर,
हँस देती रोती अँखियाँ। 
पर, समेट लेती शरमाकर
बिखरी-सी मुस्कान,
मिट्टी उकसाने लगती है
अपराधिनी-समान।
भींग रहा मीठी उमंग से 
दिल का कोना-कोना, 
भीतर-भीतर हँसी देख लो,
बाहर-बाहर रोना। 
तू वह, जो झुरमुट पर आयी
हँसती कनक-कली-सी,
तू वह, जो फूटी शराब की
निर्झरिणी पतली-सी।
तू वह, रचकर जिसे प्रकृति 
ने अपना किया सिंगार, 
तू वह जो धूसर में आयी 
सुबज रंग की धार। 
मां की ढीठ दुलार! पिता की
ओ लजवंती भोली,
ले जायेगी हिय की मणि को
अभी पिया की डोली।
कहो, कौन होगी इस घर की 
तब शीतल उजियारी? 
किसे देख हँस-हँस कर 
फूलेगी सरसों की क्यारी? 
वृक्ष रीझ कर किसे करेंगे
पहला फल अर्पण-सा?
झुकते किसको देख पोखरा
चमकेगा दर्पण-सा?
किसके बाल ओज भर देंगे 
खुलकर मंद पवन में? 
पड़ जायेगी जान देखकर 
किसको चंद्र-किरन में? 
महँ-महँ कर मंजरी गले से
मिल किसको चूमेगी?
कौन खेत में खड़ी फ़सल
की देवी-सी झूमेगी?
बनी फिरेगी कौन बोलती 
प्रतिमा हरियाली की? 
कौन रूह होगी इस धरती 
फल-फूलों वाली की? 
हँसकर हृदय पहन लेता जब
कठिन प्रेम-ज़ंजीर,
खुलकर तब बजते न सुहागिन,
पाँवों के मंजीर।
घड़ी गिनी जाती तब निशिदिन 
उँगली की पोरों पर, 
प्रिय की याद झूलती है 
साँसों के हिंडोरों पर। 
पलती है दिल का रस पीकर
सबसे प्यारी पीर,
बनती है बिगड़ती रहती
पुतली में तस्वीर।
पड़ जाता चस्का जब मोहक 
प्रेम-सुधा पीने का, 
सारा स्वाद बदल जाता है 
दुनिया में जीने का। 
मंगलमय हो पंथ सुहागिन,
यह मेरा वरदान;
हरसिंगार की टहनी-से
फूलें तेरे अरमान।
जगे हृदय को शीतल करने-
वाली मीठी पीर, 
निज को डुबो सके निज में, 
मन हो इतना गंभीर। 
छाया करती रहे सदा
तुझको सुहाग की छाँह,
सुख-दुख में ग्रीवा के नीचे
रहे पिया की बाँह।
पल-पल मंगल-लग्न, ज़िंदगी 
के दिन-दिन त्यौहार, 
उर का प्रेम फूटकर हो 
आँचल में उजली धार।
                     -रामधारी सिंह (दिनकर) 

दिल्ली

यह कैसी चांदनी अम के मलिन तमिस्र गगन में
कूक रही क्यों नियति व्यंग से इस गोधूलि-लगन में ?

मरघट में तू साज रही दिल्ली कैसे श्रृंगार?
यह बहार का स्वांग अरी इस उजड़े चमन में!

इस उजाड़ निर्जन खंडहर में
छिन्न-भिन्न उजड़े इस घर मे

तुझे रूप सजाने की सूझी
इस सत्यानाश प्रहर में !

डाल-डाल पर छेड़ रही कोयल मर्सिया-तराना,
और तुझे सूझा इस दम ही उत्सव हाय, मनाना;

हम धोते हैं घाव इधर सतलज के शीतल जल से,
उधर तुझे भाता है इनपर नमक हाय, छिड़काना !

महल कहां बस, हमें सहारा
केवल फ़ूस-फ़ास, तॄणदल का;

अन्न नहीं, अवलम्ब प्राण का
गम, आँसू या गंगाजल का;
                      -रामधारी सिंह (दिनकर)